इमामी एग्रोटेक का चालू वित्त वर्ष में 22,000 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य

इमामी एग्रोटेक का चालू वित्त वर्ष में 22,000 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य

इमामी एग्रोटेक का चालू वित्त वर्ष में 22,000 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य
Modified Date: July 19, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: July 19, 2026 1:49 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) खाद्य तेल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इमामी एग्रोटेक को चालू वित्त वर्ष में अपने कारोबार में करीब 10 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। कंपनी का अनुमान है कि मजबूत मांग के चलते चालू वित्त वर्ष में उसका राजस्व बढ़कर लगभग 22 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

कोलकाता स्थित इमामी समूह की कंपनी इमामी एग्रोटेक ने वित्त वर्ष 2025-26 में 20,137 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। कंपनी खाद्य तेल, बायोडीजल और खाद्य उत्पादों के कारोबार में सक्रिय है।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं निदेशक सुधाकर राव देसाई ने बताया कि इमामी एग्रोटेक खाद्य तेल कारोबार में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ खाद्य उत्पादों की श्रेणी का भी विस्तार कर रही है। कंपनी आटा, मैदा, सूजी, सोया नगेट्स और मसाला जैसे उत्पादों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।

देसाई ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जिंस कीमतों में स्थिरता और बाजार में स्टॉक की दोबारा भरपाई से व्यापार चैनल में भंडार बढ़ने की संभावना है। कंपनी के पास खाद्य तेल श्रेणी में हेल्दी एंड टेस्टी और बेस्ट चॉइस जैसे ब्रांड हैं।

हालांकि, उन्होंने भू-राजनीतिक तनाव, मौसम की स्थिति और जिंस कीमतों में उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि भारत और एशिया के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में मौसम की स्थिति तथा अल नीनो का प्रभाव आपूर्ति और मांग को प्रभावित कर सकता है।

कंपनी के अनुसार, कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में नरमी से पैकेजिंग सामग्री जैसे लैमिनेट, कार्टन और टिन प्लेट की लागत में भी कमी आई है। इसका लाभ आगे चलकर उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है।

उद्योग मंडल फिक्की द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान अलग से बातचीत में देसाई ने कहा कि इमामी एग्रोटेक अपने ब्रांड हेल्दी एंड टेस्टी, बेस्ट चॉइस, मंत्रा स्पाइसेस और एडवांस सोया चंक्स के माध्यम से बाजार में विस्तार कर रही है। कंपनी प्रीमियम और अलग पहचान वाले उत्पादों के जरिये खाद्य तेल कारोबार में मात्रा में वृद्धि की उम्मीद कर रही है।

भाषा अजय अजय योगेश

योगेश


लेखक के बारे में