(EPF Interest Credit Date/ Image Credit: Screengrab)
नई दिल्ली: EPF Interest Credit Date: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ब्याज दर 8.25% पर ही बनाए रखने का फैसला लिया है। यह निर्णय केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में 28 फरवरी 2026 को हुई केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में लिया गया था। यह लगातार तीसरा साल है जब कर्मचारियों को इसी स्तर पर रिटर्न मिल रहा है।
जून का महीना चल रहा है और देशभर के लगभग 7 करोड़ कर्मचारी अपनी पीएफ पासबुक चेक कर रहे हैं। सभी यह जानना चाहते हैं कि उनके खाते में ब्याज का पैसा जुड़ा है या नहीं। अभी तक सरकार की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि ब्याज कब तक खातों में ट्रांसफर होगा। जिससे कर्मचारियों में उत्सुकता बनी हुई है।
पिछले वर्षों के ट्रेंड के अनुसार, ब्याज दर की मंजूरी के बाद राशि तुरंत खातों में नहीं आती। पहले सरकार की अंतिम मंजूरी जरूरी होती है। फिर EPFO पूरे देश के करोड़ों खातों का हिसाब-किताब तैयार करता है। यह प्रक्रिया बहुत बड़ी होती है इसलिए इसमें कुछ हफ्तों से लेकर महीनों तक का समय लग सकता है। पिछले साल भी मंजूरी के बाद जून से अपडेट शुरू होकर जुलाई तक ज्यादातर खातों में ब्याज पहुंचा था।
अगर आपकी पासबुक में अभी ब्याज नहीं दिख रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। EPFO ब्याज की गणना पूरे साल के बैलेंस पर करता है। इसलिए आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है। पासबुक अपडेट में देरी सिर्फ तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। कर्मचारी अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी EPFO पोर्टल, UAN लॉगिन, UMANG ऐप, एसएमएस या मिस्ड कॉल के जरिए आसानी से ले सकते हैं।