Sagar Double murder | Photo Credit: IBC24
सागर: Sagar Double murder सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कठौंदा फाजलपुर में बकरी के खेत में घुसने की मामूली बात ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक ही परिवार के पिता-पुत्र की जान चली गई। इसी विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चलने लगी। हमले में 65 वर्षीय पूरन आदिवासी और उनके 45 वर्षीय बेटे बाबूलाल आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Sagar Double murder बताया जा रहा है कि गांव के बाबूलाल आदिवासी एवं खेमचंद अहिरवार इन दोनों परिवारों के बीच पट्टे की सरकारी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार देर शाम 65 वर्षीय पूरन आदिवासी मवेशी चरा रहे थे,जबकि उनका बेटा 45 वर्षीय बेटा बाबूलाल आदिवासी खेत के पास बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान कुछ बकरी खेमचंद के खेत में घुस गई और पुराना विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर खेमचंद अहिरवार के परिवार के चार लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी और डंडों से किए गए हमले में दोनों जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद आरोपी मौके से भाग खड़े हुए,जिसके बाद दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर इस विवाद में दूसरे पक्ष की सीमा अहिरवार और उनकी बेटी पूजा अहिरवार भी घायल हुई हैं। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। घटना के बाद कठौंदा फाजलपुर गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है।
पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर खेमचंद अहिरवार, सीमा अहिरवार, रामस्वरूप अहिरवार और पूजा अहिरवार के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बहरहाल बकरी चराने के मामूली से विवाद में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई,जबकि 2 महिलाएं बुरी तरह घायल है,जिसके बाद पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।