मत्स्य पालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा के प्रमुख आधार: सिक्किम के मुख्यमंत्री
मत्स्य पालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा के प्रमुख आधार: सिक्किम के मुख्यमंत्री
गंगटोक, 10 जुलाई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए मत्स्य पालकों के योगदान की शुक्रवार को सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार मत्स्य क्षेत्र को आधुनिक, आत्मनिर्भर और टिकाऊ उद्योग के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
तमांग ने राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिये अपने संदेश में मत्स्य पालकों को ‘ग्रामीण आजीविका, खाद्य सुरक्षा और राज्य की आर्थिक समृद्धि का आधार’ करार दिया। उन्होंने राज्य और देशभर के मत्स्य पालकों तथा मत्स्य क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सिक्किम सरकार प्रत्येक मत्स्य पालक के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि आत्मनिर्भर मत्स्य क्षेत्र, आत्मनिर्भर राज्य के व्यापक लक्ष्य का अभिन्न हिस्सा है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के हाल के कदमों के तहत सिलीगुड़ी में पहली बार ‘सिक्किम फिश फेस्टिवल’ का सफल आयोजन किया गया। इसमें राज्य की प्रीमियम रेनबो ट्राउट, स्वदेशी मछलियों की विभिन्न प्रजातियों और मूल्यवर्धित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
तमांग ने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय उत्पादकों के लिए नए विपणन अवसर पैदा हुए और यह राज्य सरकार के मत्स्य क्षेत्र को सिक्किम से बाहर भी व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास कि सिक्किम का मत्स्य क्षेत्र मजबूत और आत्मनिर्भर विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर ‘विकसित सिक्किम’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।’’
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


