फ्लिपकार्ट-मिंत्रा की अमेजन पर बढ़त चार साल में करीब दोगुनी हुईः रिपोर्ट

Ads

फ्लिपकार्ट-मिंत्रा की अमेजन पर बढ़त चार साल में करीब दोगुनी हुईः रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 07:31 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 07:31 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) देश के ऑनलाइन खुदरा बाजार में फ्लिपकार्ट ने ग्राहक आधार के मामले में अमेजन पर अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं (एमएयू) में फ्लिपकार्ट और उसकी फैशन इकाई मिंत्रा की संयुक्त हिस्सेदारी 35 प्रतिशत रही, जो देश के किसी भी ई-कॉमर्स मंच के लिए सबसे अधिक है। मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

गोल्डमैन सैक्स ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च और बर्नस्टीन ने यह रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक, फ्लिपकार्ट-मिंत्रा की अमेजन पर संयुक्त बढ़त पिछले चार साल में करीब दोगुनी हो गई है। वर्ष 2022 में यह अंतर करीब नौ प्रतिशत अंक था, जो अब बढ़कर 17 प्रतिशत अंक हो गया है।

बर्नस्टीन के मुताबिक, जुलाई, 2026 में फ्लिपकार्ट के एमएयू में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में यह वृद्धि केवल तीन प्रतिशत थी। इसके उलट, अमेजन के एमएयू में अध्ययन अवधि के दौरान सालाना आधार पर एक से छह प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

लेनदेन मूल्य के मामले में भी फ्लिपकार्ट आगे है। गोल्डमैन सैक्स ने यूरोमॉनिटर के आंकड़ों के हवाले से कहा कि 2019 से हर साल सकल उत्पाद मूल्य (जीएमवी) में फ्लिपकार्ट की हिस्सेदारी अमेजन से करीब 10 प्रतिशत अंक अधिक रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, फ्लिपकार्ट की जीएमवी में हिस्सेदारी लगातार उसके एमएयू की हिस्सेदारी से अधिक रही है। इसके विपरीत, त्वरित वाणिज्य मंचों पर ऐप का इस्तेमाल अधिक होने के बावजूद लेनदेन मूल्य में उनकी हिस्सेदारी तुलनात्मक रूप से कम है।

यह आंकड़े ऐसे समय आए हैं जब भारत का ऑनलाइन खुदरा बाजार तेजी से बदल रहा है। क्विक कॉमर्स खंड किराना और रोजमर्रा की जरूरत के सामान से आगे बढ़ रहा है, जबकि छोटे शहरों और कस्बों में कम कीमत वाले उत्पादों पर केंद्रित ई-कॉमर्स मंच भी उपयोगकर्ता जोड़ रहे हैं।

फ्लिपकार्ट इस बदलाव में अपनी क्विक-कॉमर्स सेवा ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ के जरिये शामिल है, जिसे अगस्त, 2024 में शुरू किया गया था। टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, मिनट्स अब प्रतिदिन 11 से 12 लाख ऑर्डर संभाल रहा है, जबकि नवंबर में यह संख्या करीब 3.9 से चार लाख ऑर्डर प्रतिदिन थी।

फ्लिपकार्ट मिनट्स अब स्विगी इंस्टामार्ट के करीब पहुंच रहा है, जो रोजाना करीब 14 लाख ऑर्डर संभालता है। हालांकि, ऑर्डर संख्या के मामले में ब्लिंकिट और जेप्टो अब भी देश के दो सबसे बड़े फटाफट सामान पहुंचाने वाले मंच हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय