सीआईआई की पूर्व अधिकारी शुचिता सोनालिका कनाडा-भारत व्यापार परिषद की पहली सीओओ नियुक्त

Ads

सीआईआई की पूर्व अधिकारी शुचिता सोनालिका कनाडा-भारत व्यापार परिषद की पहली सीओओ नियुक्त

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 09:52 AM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 09:52 AM IST

वॉशिंगटन, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय उद्योग जगत की दिग्गज शुचिता सोनालिका को कनाडा-भारत व्यापार परिषद (सी-आईबीसी) की पहली मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय निवेश संबंधों में तेजी देखी जा रही है।

सोनालिका अंतरराष्ट्रीय मामलों की वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं और उन्हें उत्तर अमेरिका, यूरोप तथा दुनिया के अन्य बाजारों में भारत की आर्थिक साझेदारियों को आगे बढ़ाने का करीब 18 साल का अनुभव है।

सी-आईबीसी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विक्टर थॉमस ने बयान में कहा, “यह नियुक्ति हमारी क्षमता को काफी मजबूत करती है और परिषद को इस तेजी से बदलते आर्थिक गलियारे में बढ़ती महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की स्थिति में लाती है।”

सोनालिका हाल तक वॉशिंगटन डीसी में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) में निदेशक और उत्तरी अमेरिका की प्रमुख थीं। इससे पहले उन्होंने ब्रिटेन में सीआईआई के कामकाज का नेतृत्व किया था।

सोनालिका ने कहा, “मैं कनाडा और भारत में हमारे निदेशक मंडल, सदस्यों तथा साझेदारों के साथ मिलकर काम करने और इस संबंध की अपार संभावनाओं को साकार करने में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”

उन्होंने मैरीलैंड विश्वविद्यालय से सार्वजनिक नीति एवं प्रबंधन में मास्टर डिग्री और सामान्य कारोबार एवं प्रबंधन में स्नातक डिग्री हासिल की है।

कनाडा-भारत व्यापार परिषद की स्थापना 1982 में हुई थी और यह दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए काम करती है।

भाषा निहारिका

निहारिका