पूर्व नागर विमानन सचिव खरोला एयर इंडिया की वरिष्ठ प्रबंधन टीम में शामिल हुए

Ads

पूर्व नागर विमानन सचिव खरोला एयर इंडिया की वरिष्ठ प्रबंधन टीम में शामिल हुए

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 09:39 PM IST

नयी दिल्ली/मुंबई, 22 जून (भाषा) पूर्व नागर विमानन सचिव प्रदीप सिंह खरोला एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के कार्यकारी सलाहकार और घाटे में चल रही एयरलाइन की प्रबंधन समिति के पूर्णकालिक सदस्य के तौर पर शामिल हुए हैं। एक आंतरिक संचार में यह जानकारी दी गई है।

खरोला, जिन्होंने सरकार के स्वामित्व के दौरान दो साल से ज़्यादा समय तक एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के तौर पर काम किया था, तुरंत प्रभाव से एयरलाइन की वरिष्ठ प्रबंधन टीम में शामिल हो रहे हैं।

जनवरी, 2022 में टाटा ग्रुप द्वारा एयर इंडिया का अधिग्रहण किया गया था। एयरलाइन इस समय कई चुनौतियों और भारी नुकसान का सामना कर रही है।

एयरलाइन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया है और वह आने वाले महीनों में पद छोड़ देंगे।

विल्सन ने सोमवार को एक आंतरिक संचार में कहा कि खरोला एयर इंडिया के लिए नए नहीं हैं। नागर विमानन सचिव का पद संभालने से पहले वर्ष 2017 और वर्ष 2019 के बीच वह सीएमडी रह चुके हैं और एयर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रिया में उनकी अहम भूमिका थी।

विल्सन ने कहा, ‘‘चेयरमैन के कार्यकारी सलाहकार के तौर पर, वह एयर इंडिया की प्रबंधन समिति के पूर्ण सदस्य होंगे। ऐसे समय में जब मेरा कार्यकाल आखिरी महीनों में है, नए सीईओ को नेतृत्व सौंपने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने में उनका अनुभव बहुत कीमती साबित होगा।’’

निजीकरण के बाद, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन एयर इंडिया बोर्ड की अध्यक्षता कर रहे हैं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय