फ्रैक्टल एनालिटिक्स का पहली तिमाही का मुनाफा 97.8 प्रतिशत बढ़कर 74.2 करोड़ रुपये
फ्रैक्टल एनालिटिक्स का पहली तिमाही का मुनाफा 97.8 प्रतिशत बढ़कर 74.2 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 97.8 प्रतिशत बढ़कर 74.2 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 37.5 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में फ्रैक्टल एनालिटिक्स का एकीकृत राजस्व लगभग 20 प्रतिशत बढ़कर 912.5 करोड़ रुपये हो गया जो अप्रैल-जून 2025 तिमाही में 760.5 करोड़ रुपये था।
फ्रैक्टल एनालिटिक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) एवं कार्यकारी वाइस चेयरमैन श्रीकांत वेलमाकन्नी ने कहा, “उद्यम अब एआई बदलाव पर वास्तविक बजट खर्च कर रहे हैं और इसका असर हमें मिलने वाले सौदों के आकार में साफ दिखाई दे रहा है…’’
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी के कुल राजस्व में अमेरिका की हिस्सेदारी 67.4 प्रतिशत रही, जबकि यूरोप का योगदान 21.4 प्रतिशत था। शेष राजस्व एशिया-प्रशांत और अन्य क्षेत्रों से प्राप्त हुआ।
कारोबारी क्षेत्रों में उपभोक्ता उत्पाद, वस्तुएं एवं खुदरा (सीपीजीआर) खंड का योगदान सबसे अधिक 37.8 प्रतिशत रहा। इसके बाद स्वास्थ्य सेवा एवं जीवन विज्ञान (एचएलएस) की हिस्सेदारी 23.5 प्रतिशत, प्रौद्योगिकी, मीडिया एवं दूरसंचार (टीएमटी) की 18 प्रतिशत तथा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र की 13 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


