नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का आह्वान किया।
उन्होंने यहां ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए कहा, ”वैश्विक व्यापार तभी आगे बढ़ सकता है जब समुद्री मार्ग सुरक्षित हों, आपूर्ति मार्ग खुले रहें और नाविक सुरक्षित हों। यही वजह है कि भारत नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का दृढ़ समर्थक है।”
प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि दो लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप और 120 यूनिकॉर्न के साथ भारत समाधानों का एक वैश्विक केंद्र बन रहा है।
मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत वृद्धि और स्थिरता के लिए विश्वास का स्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया भर में व्यापार बाधाएं बढ़ रही हैं, भारत आर्थिक सेतुओं का निर्माण कर रहा है।
उन्होंने ब्रिक्स व्यापार परिषद से 10 व्यापार बाधाओं को दूर करने पर एक रिपोर्ट तैयार करने और हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को विस्तार देने के लिए समर्थन देने का आग्रह किया।
मोदी ने परिषद से 1,000 नई साझेदारियां विकसित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन पैमानों पर हमें हर साल प्रगति की समीक्षा करनी होगी।
फोरम को संबोधित करते हुए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि दुनिया भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बेहद जटिल दौर से गुजर रही है। उन्होंने ब्रिक्स सदस्यों के बीच व्यापार में राष्ट्रीय मुद्राओं के उपयोग का विस्तार करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा, ”ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए हमें खंडित सहयोग से व्यापार बुनियादी ढांचे के क्रमिक एकीकरण की ओर बढ़ना होगा। इस संबंध में कई उपाय विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, जिनमें प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण और एकीकरण, व्यापार सुगमता, विनियामक और प्रशासनिक बाधाओं में कमी, सीमा पार बाजारों का विकास और संयुक्त निजी क्षेत्र के निवेश को सुगम बनाना शामिल है।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण