गडकरी ने झारखंड, उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव की समीक्षा की

Ads

गडकरी ने झारखंड, उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को अलग-अलग समीक्षा बैठकों में झारखंड में 3,245 किलोमीटर और उत्तराखंड में 4,026 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

ये समीक्षाएं मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया मंच से मिली जानकारी के आधार पर की गईं।

गडकरी ने समीक्षा के दौरान टिकाऊ और कुशल राजमार्ग बुनियादी ढांचा बनाने के लिए रखरखाव के कामों को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता के ऊंचे मानकों का सख्ती से पालन करने और आधुनिक निर्माण तकनीकों को बड़े पैमाने पर अपनाने की जरूरत बतायी।

उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को जमीनी स्तर पर काम में तेजी लाने, गुणवत्ता की निगरानी मजबूत करने और मुख्य गलियारे पर बिना रुकावट संपर्क सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता बेहतर करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलान की सुरक्षा के उपाय, समय रहते रखरखाव और मजबूत त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के जरिये मानसून के लिए पूरी तैयारी करें।

उन्होंने कहा कि रुकावटों को कम करने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे को टिकाऊ बनाने तथा मजबूती बढ़ाने के लिए समय पर कदम उठाना और तालमेल के साथ काम करना जरूरी है।

भाषा रमण अजय

अजय