मोरबी, 17 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच गुजरात के मोरबी के सेरेमिक उद्योग ने मंगलवार को फैसला किया कि उसकी लगभग 430 इकाइयां कम से कम अगले तीन सप्ताह तक काम नहीं करेंगी। उद्योग ने एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के कारण होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद हो गया है, जिससे गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
सेरेमिक उद्योग में प्रोपेन और प्राकृतिक गैस का उपयोग भट्टियों को जलाने और उत्पादों को सुखाने के लिए किया जाता है, इसलिए आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन ठप हो गया है।
मोरबी सेरेमिक विनिर्माण संघ के अध्यक्ष मनोज अर्वादिया ने बताया कि उद्योग से जुड़ी इकाइयों की एक विशेष बैठक में यह सामूहिक निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि पहले प्रोपेन गैस पर निर्भर इकाइयां बंद हुईं और बाद में प्राकृतिक गैस का उपयोग करने वाली इकाइयों ने भी काम रोक दिया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इन इकाइयों ने 10 से 15 अप्रैल तक उत्पादन बंद रखने और इस दौरान मशीनों के रखरखाव का कार्य करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि नई गैस आपूर्ति उपलब्ध होने पर ही संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, मोरबी में कुल 670 में से करीब 450 फैक्टरियां पहले ही बंद हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में और इकाइयों के बंद होने की आशंका है।
उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगी कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष कब समाप्त होता है और गैस आपूर्ति कब सामान्य होती है।
भाषा
योगेश अजय
अजय
अजय