नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) जर्मनी की कार विनिर्माता कंपनी ऑडी ने भारत में लक्जरी कार बाजार में इस साल लगभग पांच से सात प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद जतायी है।
कंपनी ने मंगलवार को अपनी लक्जरी एसयूवी एसक्यू8 को पेश किया। इसकी शुरुआती कीमत 1.78 करोड़ रुपये है। इसके साथ 75 लाख रुपये से ऊपर के खंड में कंपनी की उपस्थिति का विस्तार हुआ।
ऑडी शुरुआती स्तर के लक्जरी खंड में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ बढ़ाने के लिए ‘सही कीमत और सही आकार के मॉडल पर ध्यान केंद्रित करते हुए’ एक नई इलेक्ट्रिक रणनीति पर भी काम कर रही है।
भारत में लक्जरी कार की हिस्सेदारी कुल यात्री वाहन बाजार में कम है। इस खंड में वार्षिक बिक्री लगभग 50,000 इकाई है।
ऑडी इंडिया के ब्रांड निदेशक बलबीर सिंह ढिल्लों ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, ‘‘साल की शुरुआत में ही हमने संकेत दिया था कि लक्जरी खंड में उद्योग की छह से आठ प्रतिशत के करीब वृद्धि का अनुमान है। मुझे लगता है कि हम इसमें दो प्रतिशत की घट-बढ़ के साथ इसे बनाए रखेंगे। मैं अब भी यही मानता हूं कि इस साल पांच से सात प्रतिशत की वृद्धि होनी चाहिए।’’
भाषा रमण अजय
अजय