गौड़ ग्रुप को दिल्ली-एनसीआर में नई आवासीय परियोजना से 1,900 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद

Ads

गौड़ ग्रुप को दिल्ली-एनसीआर में नई आवासीय परियोजना से 1,900 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 04:12 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 04:12 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गौड़ समूह दिल्ली-एनसीआर के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक नयी आवासीय परियोजना विकसित करेगी। इस परियोजना से कंपनी को करीब 1,900 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।

कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि उसने यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-22डी में 11.8 एकड़ क्षेत्र में ‘गौड़ अलारिस’ नाम की आवासीय परियोजना शुरू की है। इस परियोजना में कुल 1,088 अपार्टमेंट बनाए जाएंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे नोएडा और ग्रेटर नोएडा को आगरा से जोड़ता है।

गौड़ ग्रुप ने कहा, ‘‘इस परियोजना से लगभग 1,900 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।’’

समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज गौड़ ने कहा, ‘‘प्रीमियम आवास खंड में अच्छे डिजाइन, बेहतर नियोजन और दीर्घकालिक मूल्य वाली परियोजनाओं की मांग लगातार बनी हुई है।’’

कंपनी के निदेशक सार्थक गौड़ ने कहा, ‘‘बेहतर संपर्क सुविधाओं, तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की वजह से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आवासीय परियोजनाओं की मांग मजबूत बनी हुई है।’’

करीब तीन दशक पुराने गौड़ ग्रुप (गौडसंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) का दिल्ली-एनसीआर में आवासीय, वाणिज्यिक, खुदरा, शिक्षा और आतिथ्य क्षेत्रों में कारोबार है। कंपनी अब तक 10 करोड़ वर्ग फुट से अधिक रियल एस्टेट क्षेत्र का विकास कर चुकी है और 75 से अधिक परियोजनाओं के तहत 75,000 से अधिक आवासीय इकाइयां विकसित कर चुकी है। इनमें तीन एकीकृत टाउनशिप भी शामिल हैं।

भाषा

यासिर अजय

अजय