मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) मुंबई के एक भाजपा विधायक ने मंगलवार को आरोप लगाया कि नवरात्र उत्सव से पहले सोशल मीडिया पर ‘रेंट ए (डांस) पार्टनर’ (डांस के लिए साथी किराये पर लें) के विज्ञापन सामने आए हैं, जिनका मकसद हिंदू त्योहार को बदनाम करना है। उन्होंने शहर पुलिस आयुक्त से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
बोरीवली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजय उपाध्याय ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह विज्ञापन किसी ‘डेटिंग ऐप’ का हो सकता है, कोई ‘हनी ट्रैप’ हो सकता है या युवक-युवतियों को ठगने की साजिश हो सकती है।
उन्होंने दावा किया कि इस विज्ञापन में नवरात्र में गरबा के लिए पैसे देकर साथी लेने की सुविधा दी जा रही है और इसमें ‘‘सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम श्रेणी’’ हैं।
उपाध्याय ने कहा कि गरबा के लिए किसी साथी को लाना जरूरी नहीं है।
गरबा एक पारंपरिक और भक्तिपूर्ण लोक नृत्य है जिसे नवरात्र के मौके पर घेरा बनाकर किया जाता है।
उपाध्याय ने कहा, ‘‘मैंने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर नवरात्र के हिंदू त्योहार को बदनाम करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।’’
भाषा वैभव नरेश
नरेश