नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट आई और यह 800 रुपये टूटकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। कमजोर वैश्विक रुख और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से निवेशकों की कारोबारी धारणा कमजोर हो गई।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार के 1,49,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 800 रुपये टूटकर 1,48,450 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया।
हालांकि, चांदी की कीमतें 2,39,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर स्थिर रहीं।
बाजार सूत्रों ने कहा कि सर्राफा पर दबाव बना रहा क्योंकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई की चिंता बढ़ा दी, जिससे अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल और डॉलर में बढ़ोतरी हुई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही। विदेशी व्यापार में कमजोरी, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल ने कीमती धातुओं के प्रति कारोबारी धारणा को कमजोर कर दिया।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 49.46 डॉलर या 1.2 प्रतिशत टूटकर 4,056.24 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी गिरकर 58.61 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करने लगी।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते को ‘समाप्त’ करने की घोषणा के बाद बुधवार को वैश्विक बाजार में हाजिर सोने पर फिर से गिरावट का दबाव बना है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय