वैश्विक निवेशक सम्मेलन में मिले 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे : यादव

Ads

वैश्विक निवेशक सम्मेलन में मिले 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे : यादव

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 06:42 PM IST

पीथमपुर, आठ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि राजधानी भोपाल में 2025 में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ में राज्य सरकार को मिले करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।

यादव ने इंदौर से लगभग 30 किलोमीटर दूर पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण उपकरण बनाने वाली लियुगोंग इंडिया के 272 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार नये विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया।

उन्होंने इस मौके पर आयोजित समारोह में कहा, ‘‘पिछले वैश्विक निवेशक सम्मेलन में हमें करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।’’

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा,‘‘विपक्ष कहता था कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन कराने से क्या होगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत और बदलते मध्यप्रदेश ने उसके इस सवाल का जवाब दे दिया है।’’

मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के एक अधिकारी ने बताया कि लियुगोंग इंडिया ने 272 करोड़ रुपये के निवेश से नया संयंत्र लगाकर पीथमपुर में अपना विस्तार किया है जिससे 600 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे और इस औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3,250 मशीनों से दोगुना से अधिक होकर 7,500 मशीनों के स्तर पर पहुंच जाएगी।

मुख्यमंत्री यादव ने समारोह में यह भी बताया कि राज्य में औद्योगिक निवेश के लिए इस वर्ष एक जनवरी से 30 जून तक 76,862 करोड़ रुपये के नये प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं जिनसे कुल 85,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) भी मिला है और अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और जर्मनी समेत कई देशों की कंपनियों की भारतीय इकाइयां सूबे में अपने संयंत्र लगा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीथमपुर देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों में से एक बन चुका है।

उनके अनुसार इस औद्योगिक क्षेत्र में अब तक लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया गया है और इसमें चार से पांच लाख लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिला हुआ है।

भाषा हर्ष अजय

अजय