सोना 2,600 रुपये और चढ़ा, चांदी 4,000 रुपये मजबूत

सोना 2,600 रुपये और चढ़ा, चांदी 4,000 रुपये मजबूत

सोना 2,600 रुपये और चढ़ा, चांदी 4,000 रुपये मजबूत
Modified Date: August 12, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: August 12, 2026 7:35 pm IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार सातवें सत्र में तेजी रही। मजबूत वैश्विक रुख और सर्राफा मांग के कारण सोना 2,600 रुपये बढ़कर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार के 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 2,600 रुपये बढ़कर 1,59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। तीन अगस्त को इसका भाव 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था, और पिछले सात सत्रों में इसमें 12,400 रुपये या 8.4 प्रतिशत की बढ़त हुई है।

चांदी भी 4,000 रुपये बढ़कर 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में यह 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा कि घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई क्योंकि निवेशकों ने अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले सुरक्षित निवेश के तौर पर लिवाली बढ़ाई, जबकि पश्चिम एशिया में लगातार भू-राजनीतिक तनाव ने कीमती धातुओं की मांग को समर्थन दिया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट और डॉलर में स्थिरता ने भी कीमती धातुओं को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा कि हालांकि, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशकों के सतर्क रहने के कारण बढ़त सीमित रही।

गांधी ने कहा, ‘‘बाजार के लोग लगातार बढ़ती कीमतों के दबाव के संकेतों के लिए आंकड़ों का बारीकी से आकलन करेंगे, खासकर पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों को देखते हुए, जो महंगाई की चिंताओं को केंद्र में रख सकती हैं और फेडरल रिजर्व को सतर्क रुख बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित कर सकती हैं।’’

वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 44.48 डॉलर या 1.02 प्रतिशत बढ़कर 4,412.63 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 2.37 प्रतिशत बढ़कर 66.23 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में