नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) गोल्डमैन सैक्स, सोसाइटी जनरल और सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स सहित कई वैश्विक वित्तीय संस्थानों ने खुले बाजार में सौदों के जरिए पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस में 1.34 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है।
यह हिस्सेदारी निजी इक्विटी फर्म एसएआईएफ पार्टनर्स और एलिवेशन कैपिटल से 963 करोड़ रुपये में खरीदी गई है।
बीएसई पर शुक्रवार को हुए सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस लेनदेन में घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, बीएनपी परिबा, कॉपथॉल मॉरीशस इंवेस्टमेंट और हांगकांग स्थित विरिडियन एसेट मैनेजमेंट जैसे विदेशी निवेशकों ने भी भाग लिया।
घरेलू संस्थागत निवेशकों में सुंदरम म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड, एडलवाइस म्यूचुअल फंड और इंडिया एकॉर्न आईसीएवी ने भी वित्त प्रौद्योगिकी कंपनी के शेयर खरीदे।
इन संस्थाओं ने सामूहिक रूप से वन97 कम्युनिकेशंस के 85.98 लाख शेयर खरीदे, जो कंपनी की 1.34 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।
शेयरों की खरीद औसतन 1,120.65 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई, जिससे कुल सौदे का मूल्य 963.60 करोड़ रुपये रहा।
इस सौदे के बाद वन97 कम्युनिकेशंस में एसएआईएफ पार्टनर्स की हिस्सेदारी घटकर 12.18 प्रतिशत रह गई, जो पहले 13.43 प्रतिशत थी।
पिछले साल नवंबर में भी एसएआईएफ पार्टनर्स ने पेटीएम में 1.86 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,556 करोड़ रुपये में बेची थी।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम