कम कीमत वाले ‘सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन’ के आयात पर सरकार ने लगाई छह महीने की पाबंदी

कम कीमत वाले 'सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन' के आयात पर सरकार ने लगाई छह महीने की पाबंदी

कम कीमत वाले ‘सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन’ के आयात पर सरकार ने लगाई छह महीने की पाबंदी
Modified Date: July 24, 2026 / 07:42 pm IST
Published Date: July 24, 2026 7:42 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सरकार ने कम कीमत वाले ‘सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन’ के आयात पर छह महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। इस कदम के बाद इस श्रेणी के पीवीसी रेजिन का आयात करने के लिए आयातकों को सरकार से लाइसेंस लेना होगा।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना में कहा कि 0.766 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोग्राम या इससे कम सीआईएफ (लागत, बीमा और मालभाड़ा) मूल्य वाले सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन के आयात को अधिसूचना जारी होने की तारीख से छह महीने तक प्रतिबंधित किया गया है।

सस्पेंशन ग्रेड पीवीसी रेजिन एक प्रकार का कच्चा माल है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से प्लास्टिक के कठोर पाइप, बिजली के तारों में सुरक्षा परत (केबल इंसुलेशन) और खिड़कियों के फ्रेम बनाने में किया जाता है।

हालांकि, यह प्रतिबंध 100 प्रतिशत निर्यातोन्मुख इकाइयों (ईओयू), विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) की इकाइयों और अग्रिम प्राधिकरण योजना के तहत किए जाने वाले आयात पर लागू नहीं होगा। इसके लिए शर्त यह होगी कि आयातित सामग्री को घरेलू बाजार में बिक्री के लिए नहीं लाया जाए।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में