कोचीन शिपयार्ड में ओएफएस के जरिये पांच प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी सरकार

Ads

कोचीन शिपयार्ड में ओएफएस के जरिये पांच प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी सरकार

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:33 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) सरकार कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) में मंगलवार से बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिये पांच प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी। इसके लिए 1,400 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य तय किया गया है।

निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने बताया कि पेशकश में 2.52 प्रतिशत शेयर बेचे जाएंगे, जबकि अधिक मांग आने की स्थिति में उतनी ही अतिरिक्त हिस्सेदारी ‘ग्रीन-शू’ विकल्प के तहत बेची जाएगी।

ओएफएस सात जुलाई को गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा, जबकि खुदरा निवेशक आठ जुलाई को इसके लिए बोली लगा सकेंगे।

निर्धारित न्यूनतम मूल्य, बीएसई पर सोमवार के बंद भाव के मुकाबले करीब सात प्रतिशत कम है। कंपनी का शेयर सोमवार को 1.25 प्रतिशत के नुकसान के साथ 1,504.75 रुपये पर बंद हुआ।

सरकार के पास वर्तमान में सीएसएल में 67.91 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

चालू वित्त वर्ष में सरकार अब तक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, एनएचपीसी, एनएलसी इंडिया, जीआईसी और आईआरएफसी में ओएफएस के जरिये हिस्सेदारी बेचकर कुल 18,561 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।

समूचे वित्त वर्ष के लिए सरकार ने विनिवेश और परिसंपत्ति मौद्रीकरण के जरिये 80,000 करोड़ रुपये जुटाने का बजट लक्ष्य रखा है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

अजय

ताजा खबर