(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, छह जुलाई (भाषा) पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता अमजद हुसैन ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के तथाकथित मुख्यमंत्री के रूप में सोमवार को शपथ ली।
पेशे से वकील हुसैन 22 जून को इस पद के लिए निर्वाचित हुए थे। उनकी पार्टी ने 24 निर्वाचन क्षेत्रों में हुए चुनाव में 12 सीटें जीतकर तथाकथित विधानसभा में सबसे बड़े दल के रूप में उभरने में सफलता हासिल की थी।
इससे पहले पीपीपी ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के समर्थन से सरकार बनाने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में पीएमएल-एन ने विपक्ष में बैठने का फैसला किया।
तथाकथित विधानसभा में कुल 33 सीटें हैं। इनमें से 24 सदस्यों के चुनाव के लिए सात जून को प्रत्यक्ष मतदान कराया गया था, जबकि आठ सीटें महिलाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और पेशेवरों के लिए आरक्षित हैं।
भारत ने तथाकथित गिलगित-बाल्टिस्तान विधानसभा के चुनावों को लेकर पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था और दोहराया था कि यह क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिसपर पाकिस्तान ने ‘‘अवैध रूप से और बलपूर्वक’’ कब्जा कर रखा है।
भारत ने अपना पूर्व घोषित रुख दोहराते हुए कहा था कि वर्ष 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत में ‘‘पूर्ण, वैध और अपरिवर्तनीय विलय’’ के परिणामस्वरूप जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के संपूर्ण केंद्रशासित प्रदेश, जिनमें तथाकथित गिलगित-बाल्टिस्तान भी शामिल है, भारत के अभिन्न और अविच्छेद्य अंग हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश