जैस्मिन पाउलोनी ने एलेक्जेंड्रा ऐला को हराकर विंबलडन क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

Ads

जैस्मिन पाउलोनी ने एलेक्जेंड्रा ऐला को हराकर विंबलडन क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:39 PM IST

लंदन, छह जुलाई (एपी) जैस्मिन पाउलोनी ने सोमवार को फिलिपींस की स्टार एलेक्जेंड्रा ऐला के ऐतिहासिक विंबलडन सफर को रोककर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

जैस्मिन ने ऐला को महिला एकल के तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में 6-4, 4-6, 6-3 से हराया।

जैस्मिन ने सेंटर कोर्ट पर अपने आदर्श खिलाड़ी रोजर फेडरर की मौजूदगी में जीत दर्ज की। फेडरर रॉयल बॉक्स में बैठे थे। ऑल इंग्लैंड क्लब में 2024 की एकल उप विजेता इटली की जैस्मिन ने ग्रास कोर्ट ग्रैंडस्लैम में गर्मी भरे दिन 21 साल की ऐला को हराने के दौरान आक्रामक खेल दिखाया।

तीस साल की जैस्मिन ने कोर्ट पर मैच के बाद कहा, ‘‘वह मेरे आदर्श हैं। मैच के दौरान मैं खुद से कह रही थी, ‘कृप्या करके एकाग्रता बनाए रखो, एकाग्रता बनाए रखो’, यह मत सोचो कि वह यहां हैं। मैं यहां उनके खेले गए सभी फाइनल और टूर्नामेंट देखती रही हूं।’’

तीसरे दौर में गत चैंपियन इगा स्वियातेक को हराने वाली ऐला अपने इस प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रहीं। ओपन युग में फिलिपींस की कोई अन्य खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम एकल टूर्नामेंट में इतनी आगे तक नहीं पहुंची है।

तेरहवीं वरीय जैस्मिन का अगला मुकाबला सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मार्टा कोस्त्युक से होगा।

कोस्त्युक ने क्वालीफायर एशलिन क्रूगर को 6-4, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन के अंतिम आठ में जगह बनाई।

चौबीस साल की यूक्रेन की खिलाड़ी कोस्त्युक ने मौजूदा सत्र में अमेरिका की खिलाड़ियों के खिलाफ सभी 10 मैच जीते हैं।

पुरुष एकल में इटली के नौवें नंबर के खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली ने पांचवें नंबर के खिलाड़ी एलेक्स डी मिनौर को 7-5, 7-6, 6-3 से हराया।

एपी सुधीर

सुधीर

ताजा खबर