गोयल ने फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत की

गोयल ने फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत की

गोयल ने फ्रांस के नीस शहर में यूपीआई की शुरुआत की
Modified Date: June 16, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: June 16, 2026 9:43 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) भारत ने मंगलवार को फ्रांस के नीस शहर में एक प्रतिष्ठित डिपार्टमेंटल स्टोर में एकीकृत भुगतान प्रणाली यूपीआई की शुरुआत की।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ‘गैलेरी लाफायेत’ स्टोर में इस भुगतान सेवा की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे भारत-फ्रांस के बीच आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग मजबूत होगा तथा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख खुदरा बिक्री केंद्रों में से एक पर यूपीआई की शुरुआत इसके वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गोयल ने कहा, ‘‘इस पहल में लायरा कलेक्ट और एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड की भागीदारी है, जो भारत की भरोसेमंद एवं सुगम डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई को वैश्विक स्तर पर पेश करती है।’’

गैलेरी लाफायेत का यह स्टोर नीस शहर के प्रमुख स्थल प्लेस मस्सेना के नजदीक स्थित है और यहां 600 से अधिक ब्रांड उपलब्ध हैं।

इससे पहले 2024 में पेरिस स्थित एफिल टावर पर भी यूपीआई की शुरुआत की गई थी।

वर्तमान में यूपीआई सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया सहित नौ देशों में स्वीकार किया जा रहा है। इसकी मदद से भारतीय यात्री विदेशों में भी आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकते हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में