गोयल ने चीनी वाणिज्य मंत्री से मुलाकात की, व्यापार पर की चर्चा

Ads

गोयल ने चीनी वाणिज्य मंत्री से मुलाकात की, व्यापार पर की चर्चा

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 09:29 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ के साथ बैठक की और व्यापार संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

द्विपक्षीय बैठक कैमरून के याउंडे में 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (एमसी14) के मौके पर आयोजित की गई थी।

गोयल ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘डब्ल्यूटीओ एमसी14 के मौके पर चीन के वाणिज्य मंत्री श्री वांग वेन्ताओ से मुलाकात हुई। एमसी-14 एजेंडे पर विचारों का आदान-प्रदान किया और द्विपक्षीय व्यापार मामलों पर चर्चा की।’’

यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि इस वित्त वर्ष की 11 महीने की अवधि के दौरान चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 100 अरब डॉलर को पार कर गया है।

वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-फरवरी के दौरान, चीन को देश का निर्यात 37.66 प्रतिशत बढ़कर 17.54 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 15.21 प्रतिशत बढ़कर 119.55 अरब डॉलर हो गया। अप्रैल-फरवरी 2024-25 में व्यापार घाटा 91.03 अरब डॉलर से बढ़कर 102.01 अरब डॉलर हो गया है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण