गोयल एफटीए वार्ता को गति देने, निवेश जुटाने के लिए अगले सप्ताह जाएंगे कनाडा

Ads

गोयल एफटीए वार्ता को गति देने, निवेश जुटाने के लिए अगले सप्ताह जाएंगे कनाडा

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 05:36 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल निवेश आकर्षित करने, कारोबारी सहयोग बढ़ाने और प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता को गति देने के उद्देश्य से 25 से 27 मई तक 150 से अधिक सदस्यों वाले कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ कनाडा की यात्रा करेंगे।

गोयल की कनाडा के ओटावा और टोरंटो में स्थानीय नेताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें प्रस्तावित हैं। वह कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के अलावा कनाडा के वाणिज्य मंत्री मनिंदर सिद्धू से भी मुलाकात करेंगे।

गोयल ने ने यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि वह कनाडा की अपनी यात्रा के दौरान ‘मेपल 8’ पेंशन कोषों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।

‘मेपल 8’ कनाडा के आठ प्रमुख सार्वजनिक पेंशन कोषों का समूह है, जो संयुक्त रूप से लगभग 2.4 लाख करोड़ कनाडाई डॉलर की परिसंपत्तियों का प्रबंधन करते हैं। यह समूह दुनिया के सबसे प्रभावशाली दीर्घकालिक निवेशकों में गिना जाता है।

गोयल ने कहा, “मैं भारत में निवेश आकर्षित करने के लिए इनके प्रतिनिधियों से मुलाकात करूंगा।”

भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत कर रहे हैं और अब तक इस वार्ता के दो दौर पूरे हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि कनाडा तेल, गैस, दुर्लभ खनिज और खनन क्षेत्र में मजबूत है, जबकि भारत कुशल कार्यबल और कई क्षेत्रों में अपनी क्षमताएं उपलब्ध करा सकता है।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान में कनाडा की करीब 600 कंपनियां भारत में काम कर रही हैं और इसे बढ़ाकर 1,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि भारत-कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार को अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

वित्त वर्ष 2024-25 में यह व्यापार 8.66 अरब डॉलर रहा, जिसमें भारत का निर्यात 4.22 अरब डॉलर और आयात 4.44 अरब डॉलर था।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम