वेदांता आयरन एंड स्टील की इकाई ईएसएल को जीएसटी नोटिस

Ads

वेदांता आयरन एंड स्टील की इकाई ईएसएल को जीएसटी नोटिस

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 08:34 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 08:34 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) वेदांता आयरन एंड स्टील लि. (वीआईएसएल) की इकाई ईएसएल स्टील लि. को 15.74 करोड़ रुपये की कर मांग को लेकर जीएसटी नोटिस मिला है। इसमें ब्याज और जुर्माना शामिल है।

नोटिस में 2020-21 से 2022-23 के दौरान कर का कम भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है।

कंपनी ने बीएसई को दी सूचना में कहा कि ईएसएल स्टील लि. को केंद्रीय माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा 74(1) के तहत रांची स्थित केंद्रीय माल एवं सेवा कर तथा केंद्रीय उत्पाद शुल्क के संयुक्त आयुक्त कार्यालय से यह नोटिस मिला है।

कंपनी ने कहा, ‘‘नोटिस के अनुसार, विभाग ने ब्याज और जुर्माने के साथ 15,74,26,450 रुपये की जीएसटी मांग का प्रस्ताव किया है। इसमें 7,87,46,884 रुपये का आईजीएसटी (एकीकृत जीएसटी), 3,93,39,783 रुपये का सीजीएसटी (केंद्रीय जीएसटी) और 3,93,39,783 रुपये का एसजीएसटी (राज्य जीएसटी) शामिल है।’’

कंपनी ने कहा कि वह नोटिस की जांच कर रही है और निर्धारित समयसीमा के भीतर कानून के अनुसार उचित कदम उठाएगी।

भाषा रमण अजय

अजय