गुजरात के मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मुलाकात की, ‘वाइब्रेंट’ शिखर सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित

Ads

गुजरात के मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मुलाकात की, ‘वाइब्रेंट’ शिखर सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 07:49 PM IST

मुंबई/गांधीनगर, तीन सितंबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बृहस्पतिवार को मुंबई में प्रमुख उद्योगपतियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं और उन्हें ‘वाइब्रेंट’ गुजरात शिखर सम्मेलन 2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने ‘वाइब्रेंट’ गुजरात शिखर सम्मेलन के लिए आनंद महिंद्रा, अजय पीरामल, हर्ष गोयनका, दिलीप सांघवी, अचिन गुप्ता, बुर्जिस गोदरेज, निखिल मर्चेंट, अमित हरलालका, सतीश पई और दीपाली गोयनका समेत देश के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात की।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा के साथ इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और गिफ्ट सिटी क्षेत्रों में अवसरों के साथ-साथ निवेश, सहयोग और विकास के नए अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। इससे गुजरात की प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थिति और मजबूत होगी।’’

स्वान कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक निखिल मर्चेंट ने गुजरात की पोत परिवहन नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य उद्योग आधारित विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

वेलस्पन लिविंग की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दीपाली गोयनका ने गुजरात के मजबूत कपड़ा परिवेश और उद्योग अनुकूल नीतियों का लाभ उठाकर वृद्धि, निर्यात और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए नए निवेश और विस्तार के अवसरों पर चर्चा की।

हिंडाल्को के प्रबंध निदेशक सतीश पई ने कहा कि गुजरात के औद्योगिक और विनिर्माण परिवेश में तांबा पुनर्चक्रण, ई-कचरा प्रबंधन समेत विभन्न अवसरों पर नेतृत्व के साथ रचनात्मक चर्चा हुई।

एएम/एनएस के सीईओ अमित हरलालका ने कहा कि कंपनी राज्य में 80,000 करोड़ रुपये के निवेश को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है और हजीरा में मुख्य रूप से नवीकरणीय ऊर्जा तथा बैटरी भंडारण क्षेत्रों में 10,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बना रही है।

इन बैठकों में नए निवेश अवसरों, कारोबारी विस्तार और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा हुई।

बयान के अनुसार, ‘‘इन बैठकों में गुजरात के मजबूत औद्योगिक आधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे, निवेश अनुकूल नीतियों और सतत तथा प्रौद्योगिकी आधारित विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर भी चर्चा हुई।’’

‘वाइब्रेंट’ गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन-2027 जनवरी के पहले पखवाड़े में आयोजित होगा। सम्मेलन का विषय ‘विकसित गुजरात – वैश्विक भविष्य का निर्माण’ है। इसमें सॉफ्ट पावर, सेमीकंडक्टर, फिनटेक, हरित हाइड्रोजन, कृत्रिम मेधा (एआई) और हरित वृद्धि जैसे उभरते क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पटेल इससे पहले वाइब्रेंट गुजरात के प्रचार-प्रसार के लिए अमेरिका और कनाडा की यात्रा कर चुके हैं। हाल में उन्होंने दिल्ली में भी बैठक की थी।

भाषा रमण अजय

अजय