आईटीसी होटल्स का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 181.91 करोड़ रुपये

Ads

आईटीसी होटल्स का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 36 प्रतिशत बढ़कर 181.91 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 04:45 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) आईटीसी होटल्स लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 36 प्रतिशत बढ़कर 181.91 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारतीय आतिथ्य उद्योग की मांग पर शुरुआती दौर में असर पड़ा।

आईटीसी होटल्स को वित्त वर्ष 2025-26 की की समान तिमाही 133.71 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 155 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर जीएचके हॉस्पिटैलिटी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 936.02 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 815.54 करोड़ रुपये थी।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 750 करोड़ रुपये रहा, जो 2025-26 की समान तिमाही में 674.9 करोड़ रुपये था।

होटल कारोबार से कंपनी का राजस्व बढ़कर 881.06 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 2025-26 की समान तिमाही में यह 800.57 करोड़ रुपये था।

आईटीसी होटल्स ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी रही, जिससे अप्रैल में विदेशी पर्यटकों के आगमन में कमी देखने को मिली और मांग प्रभावित हुई। हालांकि, मई और जून में यात्रा संबंधी धारणा में सुधार के साथ होटलों में ठहराव और कमरों के किराये में तेजी से सुधार हुआ।

कंपनी ने कहा कि जीएचके हॉस्पिटैलिटी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स के अधिग्रहण से अहमदाबाद में उसके स्वामित्व वाली संपत्तियों के पोर्टफोलियो का विस्तार होगा।

अहमदाबाद के प्रमुख आश्रम रोड पर स्थित यह होटल साबरमती रिवरफ्रंट के निकट है।

आईटीसी होटल्स के प्रबंध निदेशक अनिल चड्ढा ने कहा कि इस होटल का अधिग्रहण कंपनी की विकास रणनीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। प्रबंधित अनुबंध के तहत संचालित इस 130 कमरों वाले होटल को पूर्ण स्वामित्व में लेने से कंपनी को इस परिसंपत्ति से अधिक मूल्य सृजित करने में मदद मिलेगी।

भाषा योगेश अजय

अजय