मणिपाल पेमेंट का शेयर कारोबार के पहले दिन दो प्रतिशत चढ़ा

Ads

मणिपाल पेमेंट का शेयर कारोबार के पहले दिन दो प्रतिशत चढ़ा

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:20 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस का शेयर बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 339 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले दो प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ।

कंपनी के शेयर की घरेलू शेयर बाजार में शुरुआत धीमी रही थी।

बीएसई में कंपनी का शेयर 332 रुपये पर खुला जो निर्गम मूल्य से दो प्रतिशत की गिरावट है। कारोबार के दौरान यह शुरुआती नुकसान से उबरते हुए 1.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 345.75 रुपये पर बंद हुआ।

वहीं, एनएसई में शेयर ने 2.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 330 रुपये पर कारोबार शुरू किया और अंत में 1.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 345.15 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 8,014.64 करोड़ रुपये रहा।

मणिपाल पेमेंट के 805 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 1.42 गुना अभिदान मिला था।

कंपनी ने 805 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 322-339 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था।

मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने बड़े (एंकर) निवेशकों से 362.25 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

कंपनी नए शेयर से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मणिपाल, चेन्नई, नवी मुंबई और छत्तीसगढ़ आरटीओ में अपनी विभिन्न सुविधाओं में नए एवं पुराने उपकरण खरीदने तथा उन्हें स्थापित करने में करेगी।

भाषा यासिर रमण

रमण