बिहार में एक अरब डॉलर के निवेश प्रस्तावों पर एडीबी के साथ उच्चस्तरीय बैठक

Ads

बिहार में एक अरब डॉलर के निवेश प्रस्तावों पर एडीबी के साथ उच्चस्तरीय बैठक

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 09:50 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 09:50 PM IST

पटना, 16 फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कौशल विकास क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर चर्चा की गई।

कैबिनेट सचिवालय विभाग के बयान के मुताबिक, इस बैठक में बिहार के समग्र विकास के लिए एडीबी के एक अरब डॉलर से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बयान में कहा गया, “मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बिहार सरकार और एडीबी के बीच एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक हुई। एडीबी के दल का नेतृत्व भारत में एडीबी की निदेशक मियो ओका ने किया।”

अमृत ने एडीबी के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार अपने आर्थिक और बुनियादी ढांचे के प्रमुख क्षेत्रों में बड़ी छलांग लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि एडीबी के साथ साझेदारी राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

बयान के मुताबिक, मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि निवेश प्रस्तावों पर शीघ्र चर्चा की जाएगी और राज्य सरकार जल्द ही कार्ययोजना के साथ जवाब देगी।

बैठक में ओका ने बिहार सरकार के साथ संभावित साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें व्यापक बौद्ध सर्किट विकास, जल संसाधन एवं कृषि कायाकल्प परियोजना, समग्र कौशल विकास परियोजना, चयनित शहरों के लिए शहरी अवसंरचना एवं जुझारूपन परियोजना, ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार और ग्रिड एकीकरण को सुदृढ़ करने से संबंधित प्रस्ताव शामिल थे।

बैठक में एडीबी की ‘बिहार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा कायाकल्प परियोजना’ पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव भी उपस्थित थे।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय