नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) दैनिक समाचारपत्र ‘हिंदुस्तान’ की प्रकाशक हिंदुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड (एचएमवीएल) का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 39.4 प्रतिशत घटकर 27.48 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 45.40 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
एचएमवीएल ने शेयर बाजार को अपने वित्तीय नतीजों के बारे में दी सूचना में कहा कि मार्च तिमाही में उसकी परिचालन आय 18.67 प्रतिशत बढ़कर 215.53 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 181.61 करोड़ रुपये थी।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 4.7 प्रतिशत घटकर 156.38 करोड़ रुपये रहा जबकि कुल आय (अन्य आय सहित) 1.9 प्रतिशत घटकर 229.49 करोड़ रुपये रही।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 37.4 प्रतिशत घटकर 48.69 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कुल एकीकृत राजस्व 2.46 प्रतिशत बढ़कर 831.41 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
एचएमवीएल ने एक अलग सूचना में कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में एसेटवॉल्ट लिमिटेड में इक्विटी शेयरों के जरिये 16.7 लाख पाउंड (करीब 21.66 करोड़ रुपये) तक निवेश को मंजूरी दी गई।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय