हितेश जोशी जीआईसी री के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त

Ads

हितेश जोशी जीआईसी री के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 04:55 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की पुनर्बीमा कंपनी जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (जीआईसी री) ने बुधवार को हितेश रमेश चंद्र जोशी को अपना नया चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त करने की घोषणा की।

कंपनी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, जोशी ने 16 जून को आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है।

इस पूर्णकालिक नियुक्ति से पहले, जोशी जीआईसी री में कार्यकारी निदेशक (ईडी) के रूप में कार्यरत थे और एक अक्टूबर 2025 से सीएमडी का अंतरिम प्रभार संभाल रहे थे।

जीआईसी री ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘वित्त मंत्रालय ने 15 जून, 2026 के पत्र के जरिये जीआईसी री के कार्यकारी निदेशक हितेश रमेश चंद्र जोशी को चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त करने को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से लेकर उनकी सेवानिवृत्ति (30 सितंबर, 2028) तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।’’

यह पद नारायणन रामास्वामी का दो वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुआ था।

बीमा और पुनर्बीमा क्षेत्र में तीन दशक से अधिक के अनुभव वाले जोशी के पास इस क्षेत्र की व्यापक विशेषज्ञता और नेतृत्व का अनुभव है।

अपनी नियुक्ति पर जोशी ने कहा, ‘‘मैं जीआईसी री की टीम के साथ मिलकर कंपनी की बाजार में अग्रणी स्थिति को और मजबूत करने, वैश्विक उपस्थिति का विस्तार करने तथा हितधारकों के लिए मूल्य सृजन जारी रखने की दिशा में काम करने को लेकर उत्साहित हूं। अक्टूबर, 2025 से अंतरिम सीएमडी के रूप में कार्य करते हुए मुझे संगठन की प्राथमिकताओं और कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला है, जो आगे की रणनीतिक निर्णय प्रक्रिया में सहायक होगा।’’

भाषा योगेश अजय

अजय