शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 347 अंक चढ़ा

Ads

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 347 अंक चढ़ा

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 04:37 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 04:37 PM IST

मुंबई, 17 जून (भाषा) अमेरिका-ईरान शांति समझौते की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और निवेशक धारणा में सुधार से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 347 अंक और निफ्टी में 96 अंक की तेजी दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 347.14 अंक यानी 0.45 प्रतिशत चढ़कर 77,155.62 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 410.51 अंक यानी 0.53 प्रतिशत बढ़कर 77,218.99 अंक तक पहुंच गया था।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 96.55 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,085.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 119.05 अंक बढ़कर 24,108.20 अंक तक चला गया था।

सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट के शेयर में सर्वाधिक 7.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, इन्फोसिस, टाइटन और भारती एयरटेल में भी तेजी रही।

दूसरी तरफ बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

यह घरेलू बाजारों में तेजी का लगातार चौथा कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान सेंसेक्स में कुल 3,323.07 अंक की बढ़त दर्ज की गई है जबकि निफ्टी 924.1 अंक चढ़ा है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 79.10 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विमोद नायर ने कहा, ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास भू-राजनीतिक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुआ।

यूरोप के बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख था। अधिकांश अमेरिकी बाजार मंगलवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 749.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 544.15 अंक बढ़कर 76,808.48 अंक और निफ्टी 135.25 अंक की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय