होंडा मोटर भारतीय दोपहिया बाजार में विविध-प्रौद्योगिकी वाली रणनीति पर चलेगी

Ads

होंडा मोटर भारतीय दोपहिया बाजार में विविध-प्रौद्योगिकी वाली रणनीति पर चलेगी

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 03:24 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) जापानी वाहन विनिर्माता होंडा मोटर ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत में अपने दोपहिया कारोबार के लिए विविध-प्रौद्योगिकी वाली रणनीति अपनाएगी, क्योंकि टिकाऊपन को व्यावहारिक और ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए।

कंपनी की भारतीय इकाई होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने भारतीय बाजार के लिए 10 मोटरसाइकिलों एवं स्कूटर के विस्तारित पोर्टफोलियो को पेश किया। इनमें सात बिल्कुल नए मॉडल और तीन अद्यतन मॉडल शामिल हैं।

एचएमएसआई के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुत्सुमू ओतानी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हमारे लिए टिकाऊपन का मतलब व्यावहारिक होना भी है। यह स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के साथ सुलभ, भरोसेमंद और ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों के अनुकूल भी रहे।”

उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों, समाज और पर्यावरण के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करना है। उन्होंने कहा, “हमारी परिवहन रणनीति इसी वजह से व्यावहारिक और ग्राहकों की जरूरतों के करीब है।”

ओतानी ने कहा, ‘कोई एक प्रौद्योगिकी सभी बाजारों और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा नहीं कर सकती है। इसी वजह से होंडा एक साथ विविध प्रौद्योगिकियों का नजरिया लेकर चलती है। इनमें उन्नत पेट्रोल इंजन, इलेक्ट्रिक दोपहिया और वैकल्पिक ईंधन जैसे विकल्प शामिल हैं।’

उन्होंने कहा, “हर प्रौद्योगिकी की अपनी भूमिका है। हमारा रोडमैप ग्राहक की जरूरत, परिवेश की तैयारियों, बुनियादी ढांचे, व्यावहारिक उपयोग और किफायत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।”

एचएमएसआई के नए मॉडलों में ई85 ईंधन के अनुकूल स्कूटर एडीवी 160, इलेक्ट्रिक स्कूटर क्यूसी3, रोडस्टर सीबी 500 और सीबी350 रेंज शामिल हैं।

कंपनी ने कहा कि इन मॉडलों को भारत में चरणबद्ध तरीके से पेश किया जाएगा। लेकिन इनकी पेशकश की समयसीमा, कीमत और उपलब्धता का विवरण साझा नहीं किया गया है। कंपनी इन उत्पादों का विनिर्माण भारत में ही कर रही है।

ओतानी ने कहा कि होंडा भारत में अपनी इंजीनियरिंग तथा विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत बना रही है। इससे भारत को कंपनी के वैश्विक परिचालन में एक महत्वपूर्ण विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में मजबूती मिलेगी।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण