आवास कीमत सूचकांक जून तिमाही में 5.1 प्रतिशत बढ़ाः आरबीआई

Ads

आवास कीमत सूचकांक जून तिमाही में 5.1 प्रतिशत बढ़ाः आरबीआई

  •  
  • Publish Date - August 31, 2023 / 10:12 PM IST,
    Updated On - August 31, 2023 / 10:12 PM IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) देश के 10 प्रमुख शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान आवास कीमतों का सूचकांक 5.1 प्रतिशत बढ़ गया जबकि साल भर पहले की समान तिमाही में यह 3.4 प्रतिशत बढ़ा था।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बृहस्पतिवार को जारी ‘अखिल भारतीय आवास कीमत सूचकांक’ (एचपीआई) में यह जानकारी दी। आरबीआई 10 प्रमुख शहरों में आवासीय इकाइयों का पंजीकरण करने वाले प्राधिकरणों से मिले आंकड़ों के आधार पर यह सूचकांक जारी करता है।

यह सूचकांक अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, जयपुर, कानपुर, कोच्चि, कोलकाता, लखनऊ और मुंबई में आवासीय इकाइयों के लेनदेन पर आधारित है।

आरबीआई ने कहा, ‘‘अखिल भारतीय एचपीआई वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में 5.1 प्रतिशत बढ़ गया जबकि जनवरी-मार्च तिमाही में यह 4.6 प्रतिशत और अप्रैल-जून 2022 की तिमाही में 3.4 प्रतिशत बढ़ा था।’’

इस सूचकांक से पता चलता है कि दिल्ली में एचपीआई सर्वाधिक 14.9 प्रतिशत बढ़ा जबकि कोलकाता में इसमें 6.6 प्रतिशत की गिरावट रही।

जनवरी-मार्च तिमाही की तुलना में अप्रैल-जून तिमाही में अखिल भारतीय आवास कीमत सूचकांक 2.6 प्रतिशत बढ़ा है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय