नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने जून, 2026 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 851 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो सालाना आधार पर 35 प्रतिशत अधिक है।
सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 630 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
हुडको ने शेयर बाजार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 3,737 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 2,945 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी ने 3,710 करोड़ रुपये की ब्याज आय अर्जित की, जो पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 2,925 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 2,561 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,976 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 12.50 प्रतिशत यानी प्रति शेयर 1.25 रुपये के पहले अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय