वाहन कंपनियों के शेयरों में भारी मांग, मारुति का शेयर करीब सात चढ़ा
वाहन कंपनियों के शेयरों में भारी मांग, मारुति का शेयर करीब सात चढ़ा
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) घरेलू बाजार में वाहन कंपनियों के शेयरों की मंगलवार को भारी मांग रही और मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर करीब सात प्रतिशत चढ़ गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य में पर्यावरण अनुकूल वाहनों को बढ़ावा देने की पहल के तहत हाइब्रिड कारों पर पंजीकरण कर माफ करने की खबर के बाद कंपनी के शेयर में उछाल आया।
बीएसई पर मारुति का शेयर 6.60 प्रतिशत चढ़कर 12,820.20 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 7.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 12,955 रुपये पर पहुंच गया था।
एनएसई पर यह 6.51 प्रतिशत के उछाल के साथ 12,807 रुपये पर रहा।
अन्य वाहन कंपनियों के शेयरों में भी लिवाली देखी गई।
बीएसई पर महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 2.51 प्रतिशत, हीरो मोटोकॉर्प का 1.53 प्रतिशत, टीवीएस मोटर कंपनी का 1.36 प्रतिशत, टाटा मोटर्स का 1.24 प्रतिशत और बजाज ऑटो का 0.18 प्रतिशत चढ़ा।
बीएसई वाहन सूचकांक 2.17 प्रतिशत चढ़कर 58,706.42 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स और निफ्टी में मारुति सबसे ज्यादा लाभ में रही।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 391.26 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 80,351.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 436.79 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 80,397.17 अंक तक गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 112.65 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,433.20 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 123.05 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 24,443.60 अंक तक चला गया था।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


