सम्मान कैपिटल में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए आईएचसी एक अरब डॉलर लगाएगी

Ads

सम्मान कैपिटल में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए आईएचसी एक अरब डॉलर लगाएगी

  •  
  • Publish Date - October 2, 2025 / 10:14 PM IST,
    Updated On - October 2, 2025 / 10:14 PM IST

मुंबई, दो अक्टूबर (भाषा) इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी) की सहयोगी कंपनी एवेनिर इन्वेस्टमेंट आरएससी ने सम्मान कैपिटल में 43.46 प्रतिशत हिस्सेदारी का एक अरब डॉलर में अधिग्रहण करने पर सहमति जताई है। गैर-बैंकिंग ऋणदाता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सम्मान कैपिटल (पहले इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जरूरी मंजूरी मिलने के बाद वह पूंजी जुटाने के लिए एवेनिर को वरीय शेयर जारी करेगी।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह सौदा भारत के गैर-बैंकिंग वित्तीय क्षेत्र (एनबीएफसी) में किसी निवेशक का अब तक का सबसे बड़ा प्राथमिक पूंजी निवेश है। इस निवेश के जरिये आईएचसी भारतीय वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में प्रवेश करेगी।

सम्मान कैपिटल ने कहा कि इस पूंजी निवेश से कंपनी को दीर्घकालिक पूंजी, कम लागत वाले कोष तक बेहतर पहुंच मिलने और क्रेडिट रेटिंग में सुधार आने की उम्मीद है।

वरीय आवंटन के तहत एवेनिर को एक अरब डॉलर यानी 8,850 करोड़ रुपये के निवेश से 63 करोड़ से अधिक शेयर मिलेंगे, जो 43.46 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

समझौते के तहत 33 करोड़ शेयर 139 रुपये प्रति शेयर की दर से जारी किए जाएंगे, जिससे 4,587 करोड़ रुपये जुटेंगे। शेष राशि दो किस्तों में वारंट जारी कर जुटाई जाएगी।

कंपनी ने बताया कि एवेनिर 8.60 लाख वारंट की खरीद करेगा, जिससे 1,207 करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि 21.97 करोड़ वारंट के जरिये 3,055 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।

यह सौदा सेबी के नियमों के तहत 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए खुली पेशकश की भी राह तैयार करेगा।

नियामकीय सूचना के मुताबिक, हिस्सेदारी अधिग्रहण के बाद कंपनी का नियंत्रण एवेनिर के पास चला जाएगा और उसे प्रवर्तक के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण