मेरठ, 14 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के चलते एक युवक ने अपने पिता की ईंट से हमला कर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को सिविल लाइंस पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेल चुंगी इलाके में हुई।
पुलिस के अनुसार, इलाके के रहने वाले राजेश (55) और उनके बेटे अमन के बीच शराब पीते समय कहा-सुनी हो गई। यह कहा-सुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि हाथापाई के दौरान, अमन ने कथित तौर पर पास में पड़ी एक ईंट उठाई और अपने पिता के सिर पर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत