आईएचएच की फोर्टिस में हिस्सेदारी बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने की योजना

Ads

आईएचएच की फोर्टिस में हिस्सेदारी बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने की योजना

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:32 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:32 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) मलेशिया की आईएचएच हेल्थकेयर ने फोर्टिस हेल्थकेयर में अपनी हिस्सेदारी अगले तीन से पांच साल में बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने और 2031 तक कुल क्षमता करीब 10,000 बिस्तर तक पहुंचाने की योजना बनाई है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब उच्चतम न्यायालय ने फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड की विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) को 25 सितंबर, 2026 को खारिज कर दिया था। इस एसएलपी में कंपनी ने दिल्ली उच्च न्यायालय के फॉरेंसिक ऑडिट और कंपनी से संबंधित आदेश को चुनौती दी थी।

फोर्टिस हेल्थकेयर की बीएसई में दाखिल सूचना के अनुसार, आईएचएच ने कहा कि वह फॉरेंसिक ऑडिट में पूरा सहयोग करेगी और उसे भरोसा है कि स्वतंत्र जांच 2018 में किए गए उसके निवेश से जुड़े तथ्यों को निष्पक्ष रूप से सामने लाएगी।

भारतीय बाजार में अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए आईएचएच ने कहा कि वह देश में अपनी उपस्थिति बढ़ाने और निवेश में तेजी लाने की योजना बना रही है।

आईएचएच ने कहा, ‘‘अगले तीन से पांच वर्षों में हमारी योजना फोर्टिस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने, फोर्टिस और ग्लेनीगल्स मंचों को एकीकृत करने तथा 2031 तक अपनी क्षमता बढ़ाकर करीब 10,000 बिस्तर तक करने की है, ताकि भारत की बढ़ती स्वास्थ्य सेवा जरूरतों को पूरा किया जा सके।’’

भाषा यासिर अजय

अजय