इटावा में सड़क हादसे में प्रभागीय वन अधिकारी समेत दो लोगों की मौत

Ads

इटावा में सड़क हादसे में प्रभागीय वन अधिकारी समेत दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:37 PM IST

इटावा, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में मंगलवार दोपहर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार के डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा में जा रही जीप से टकरा जाने की घटना में इटावा के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) और उनके वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए।

इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसा एक्सप्रेसवे के 69वें किलोमीटर पर हुआ।

शुक्ला के मुताबिक, डीएफओ विकास नायक (36) अपने वाहन चालक देवांश कुमार (26) और 65 वर्षीय केशवती के साथ जीप से इटावा से आगरा की ओर जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान गुरुग्राम से लखनऊ जा रही एक कार एक्सप्रेसवे के मध्य डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से आ रही जीप से टकरा गई।

शुक्ला के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे की सूचना पर एक्सप्रेसवे के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विकास नायक और देवांश कुमार को मृत घोषित कर दिया।

नायक राजस्थान के नागौर के निवासी थे।

सूत्रों ने बताया कि कार में सवार 61 वर्षीय ब्रायन डिसूजा और उसकी पत्नी ममता डिसूजा तथा जीप में सवार केशवती को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, विकास नायक ने जून 2025 में इटावा के प्रभागीय वन अधिकारी का पदभार संभाला था।

उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

भाषा

सं. सलीम पारुल

पारुल