आईआईएम मुंबई, बीएमसी के बीच शहरी चुनौतियों के समाधान लिए समझौता

Ads

आईआईएम मुंबई, बीएमसी के बीच शहरी चुनौतियों के समाधान लिए समझौता

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 07:42 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 07:42 PM IST

मुंबई, 25 मई, 2026 (भाषा) देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), मुंबई और बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। इस समझौते का मकसद शहरी शासन व्यवस्था को मजबूत करना तथा बेहतर सेवाओं के जरिये नागरिकों की जिंदगी को और सुगम बनाना है।

दोनों संस्थानों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि शासन व्यवस्था, शोध, नवोन्मेष और क्षमता निर्माण में संस्थागत सहयोग के लिए रूपरेखा स्थापित करने के लिए यह शुरुआती समझौता किया गया है।

इस समझौता ज्ञापन पर बीएमसी की नगर आयुक्त अश्विनी भिडे, और आईआईएम मुंबई के निदेशक प्रोफेसर मनोज कुमार तिवारी ने हस्ताक्षर किये।

बयान के अनुसार, इस साझेदारी का मकसद आईआईएम मुंबई की प्रबंधन, विश्लेषण, सार्वजनिक नीति और परिचालन में विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर मुंबई के सामने आने वाली शहरी चुनौतियों का समाधान करना है।

इस मौके पर अश्विनी भिडे ने कहा, “आईआईएम मुंबई के साथ यह भागीदारी साक्ष्य आधारित संचालन व्यवस्था को मजबूत करने, प्रशासनिक क्षमता को बढ़ाने तथा शहर और उसके नागरिकों की बदलती जरूरतों के हिसाब से सतत शहरी समाधान बनाने में मदद करेगी।”

तिवारी ने कहा, ‘‘ इस साझेदारी के जरिये, आईआईएम मुंबई के प्रोफेसर, शोधकर्ता और छात्र बीएमसी के साथ मिलकर ऐसे नवोन्मेषी समाधान विकसित करेंगे जो शहरी प्रशासन को मजबूत करेगा और नागरिकों की जिंदगी की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा।”

भाषा

रमण अजय

अजय