बीते वित्त वर्ष में भारत में कोस्टा कॉफी के स्टोर की संख्या घटी, आय बढ़ी

बीते वित्त वर्ष में भारत में कोस्टा कॉफी के स्टोर की संख्या घटी, आय बढ़ी

बीते वित्त वर्ष में भारत में कोस्टा कॉफी के स्टोर की संख्या घटी, आय बढ़ी
Modified Date: July 26, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: July 26, 2026 12:21 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) ब्रिटेन के कॉफी श्रृंखला ब्रांड कोस्टा कॉफी के भारत में स्टोर की संख्या बीते वित्त वर्ष 2025-26 में 22 घटकर 198 रह गई है। इससे पिछले वित्त वर्ष में कंपनी के देशभर में 220 आउटलेट थे। पांच साल में यह पहला मौका है जबकि भारत में कोस्टा कॉफी के स्टोर की संख्या में कमी आई है। कोस्टा कॉफी की विशिष्ट फ्रेंचाइजी भागीदार देवयानी इंटरनेशनल लि. (डीआईएल) की ताजा वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी मिली है।

कोस्टा कॉफी का स्वामित्व वैश्विक शीतल पेय कंपनी ‘द कोका कोला कंपनी’ के पास है।

हालांकि, स्टोर की संख्या कम होने के बावजूद बीते वित्त वर्ष में कंपनी के राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में कोस्टा कॉफी का भारत में राजस्व सात प्रतिशत बढ़कर 212.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि 2024-25 में यह 198.5 करोड़ रुपये था। यह दर्शाता है कि कंपनी अब केवल स्टोर बढ़ाने के बजाय प्रति आउटलेट अधिक बिक्री और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दे रही है।

कंपनी ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि वह अपने पोर्टफोलियो में विस्तार के लिए अधिक अनुशासित और चयनात्मक रणनीति अपना रही है।

कोस्टा कॉफी ने भारत में वित्त वर्ष 2020 -21 से तेजी से विस्तार किया था। उस समय कंपनी के केवल 44 स्टोर थे, जो 2021-22 में बढ़कर 55, 2022-23 में 112, 2023-24 में 179 और 2024-25 में 220 हो गए थे। लेकिन वित्त वर्ष 2025-26 में स्टोर की संख्या घटकर 198 रह गई।

कोस्टा कॉफी के वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फिलिप शैले ने अप्रैल, 2025 में कहा था कि भारत कंपनी के शीर्ष 20 बाजारों में शामिल है और आने वाले वर्षों में यह शीर्ष पांच बाजारों में शामिल हो सकता है।

भाषा अजय अजय

अजय


लेखक के बारे में