एक महीने में लागू हो सकता है भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता: गोयल
एक महीने में लागू हो सकता है भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता: गोयल
नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) इस साल मध्य अप्रैल से लागू होने की संभावना है।
भारत और ब्रिटेन ने पिछले साल 24 जुलाई को व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत भारत के 99 प्रतिशत निर्यात पर ब्रिटिश बाजार में कोई शुल्क नहीं लगेगा, जबकि ब्रिटेन के कुछ उत्पादों जैसे कार और व्हिस्की पर भारत में लागू शुल्क कम कर दिए जाएंगे।
इस समझौते को लागू करने से पहले ब्रिटेन की संसद की मंजूरी लेनी जरूरी है। वहीं भारत में केंद्रीय मंत्रिमंडल ऐसे समझौतों को मंजूरी देता है।
ब्रिटिश संसद से मंजूरी मिलने के बाद इसे आपसी सहमति वाली तारीख पर लागू किया जाएगा।
गोयल ने कहा कि यह एफटीए ब्रिटेन की संसद में सबसे तेजी से मंजूरी पाने वाला समझौता होगा।
उन्होंने एसोचैम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि सामान्य तौर पर ऐसे समझौते को लागू होने में डेढ़ साल का समय लगता है। लेकिन इस समझौते पर जुलाई 2025 में हस्ताक्षर हुए थे और इसे अगले एक महीने में लागू किया जाएगा।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


