इंडियन बैंक का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 3,273 करोड़ रुपये पर
इंडियन बैंक का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 3,273 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 10 प्रतिशत बढ़कर 3,273 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चेन्नई के इस बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 2,973 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 20,724 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 18,721 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2026-27 में बैंक को ब्याज से होने वाली आय भी बढ़कर 18,090 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 16,283 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 17 प्रतिशत बढ़कर 7,435 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 6,359 करोड़ रुपये थी।
इसी अवधि में परिचालन लाभ बढ़कर 5,557 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 4,770 करोड़ रुपये था।
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) जून 2026 के अंत तक घटकर कुल कर्ज का 1.86 प्रतिशत रही, जो इससे पिछले वर्ष 3.01 प्रतिशत थी।
शुद्ध एनपीए भी 0.18 प्रतिशत से घटकर 0.15 प्रतिशत रह गई।
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


