मुंबई, चार जून (भाषा) देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हांगकांग और क्राबी समेत छह अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
इंडिगो ने एक बयान में कहा कि वह एक जुलाई से लंगकावी, क्राबी, हो ची मिन्ह, हांगकांग और शंघाई के लिए सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करेगी, जबकि सिएम रीप के लिए सेवाएं तीन जुलाई से 30 सितंबर तक निलंबित रहेंगी।
कंपनी ने कहा कि यह निर्णय आगामी तिमाही में पारंपरिक रूप से कमजोर मांग और उच्च लागत वाले चुनौतीपूर्ण परिचालन माहौल को देखते हुए लिया गया है।
इंडिगो ने कहा कि वह इन प्रभावित सेवाओं के लिए बुकिंग एक अक्टूबर से फिर से शुरू करेगी, बशर्ते परिस्थितियां बेहतर हों। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं को तय समय से पहले भी बहाल किया जा सकता है।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि इस पुनर्संयोजन के बावजूद उसने अपनी अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बनाए रखा है और वर्तमान में वह प्रति सप्ताह 1,800 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित कर रही है।
बयान में कहा गया कि ये बदलाव मौजूदा बाजार परिस्थितियों और मांग प्रवृत्तियों के अनुरूप क्षमता को समायोजित करने के लिए किए गए हैं, ताकि वैश्विक गंतव्यों पर परिचालन की विश्वसनीयता और नेटवर्क की स्थिरता बनी रहे।
भाषा योगेश रमण
रमण