मुंबई, चार जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का 27वां स्थापना दिवस 10 जून को शरद पवार और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले दोनों गुटों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों में मनाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
शरद पवार द्वारा साल 1999 में स्थापित यह पार्टी जुलाई 2023 में उस समय विभाजित हो गई थी, जब अजित पवार कुछ विधायकों के साथ अलग गुट बना कर प्रदेश की तत्कालीन एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए थे।
बाद में निर्वाचन आयोग ने पार्टी का नाम और ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को सौंप दिया था, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट को राकांपा (एसपी) नाम दिया गया।
अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा जहां षण्मुखानंद हॉल में स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन करेगी, वहीं राकांपा (एसपी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम दक्षिण मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में होगा।
महाराष्ट्र राकांपा के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि षण्मुखानंद हॉल में होने वाला कार्यक्रम पार्टी के विकास में अजित पवार के योगदान को समर्पित होगा। अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी।
उन्होंने कहा, ‘पार्टी के गठन और देश भर में इसके विस्तार में अजित पवार ने मुख्य भूमिका निभाई है। पार्टी की वृद्धि और राष्ट्रव्यापी विस्तार में अजित दादा का योगदान अद्वितीय रहा है। इसलिए, पार्टी पदाधिकारियों ने इस स्थापना दिवस समारोह को उन्हें समर्पित करने की योजना बनाई है।’
राकांपा की मुंबई इकाई की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में तटकरे ने कहा कि मुंबई में इस कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सहमति से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र भर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर दो बजे कार्यक्रम स्थल पर एकत्र होंगे, जबकि औपचारिक कार्यक्रम दोपहर तीन बजे शुरू होगा।
इस तैयारी बैठक में पूर्व मंत्री नवाब मलिक, विधायक सना मलिक-शेख और मुंबई व ठाणे के प्रतिनिधियों सहित कई राज्य और जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस बीच, राकांपा (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान वैचारिक निष्ठा और जनता के प्रति प्रतिबद्धता पर रहेगा। वाईबी चव्हाण सेंटर में होने वाले इस कार्यक्रम में राकांपा संस्थापक शरद पवार के शामिल होने की संभावना है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन