नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 51,883 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक सालाना कर्ज मंजूर किया है।
कंपनी ने बताया कि बीते वित्त वर्ष में उसका ऋण वितरण भी 16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 34,946 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
कंपनी के मंगलवार देर शाम जारी बयान के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक कंपनी का कुल ऋण खाता 22 प्रतिशत बढ़कर 93,075 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष 76,282 करोड़ रुपये था।
बयान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान स्वीकृत ऋण की राशि पिछले वित्त वर्ष के 47,453 करोड़ रुपये के मुकाबले नौ प्रतिशत बढ़कर 51,883 करोड़ रुपये हो गई। इसी तरह, ऋण वितरण में भी 16 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई और यह वित्त वर्ष 2024-25 के 30,169 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 34,946 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इरेडा के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने कहा, ‘वित्त वर्ष के अंतिम दिन वार्षिक प्रदर्शन की घोषणा करना पारदर्शिता और समय पर जानकारी साझा करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऋण मंजूरी, वितरण और ऋण खाते में अब तक का सबसे उच्चतम स्तर हासिल करना भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के वित्तपोषण में इरेडा की महत्वपूर्ण भूमिका का प्रमाण है।’
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये अस्थायी आंकड़े हैं।
भाषा सुमित रमण
रमण