जापान की जेएफई ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 7,875 करोड़ रुपये निवेश कर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी ली

Ads

जापान की जेएफई ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 7,875 करोड़ रुपये निवेश कर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी ली

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 03:57 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) सज्जन जिंदल की अगुवाई वाली जेएसडब्ल्यू स्टील ने सोमवार को कहा कि जापान की जेएफई स्टील कॉरपोरेशन ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा स्टील लिमिटेड में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 7,875 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

जेएसडब्ल्यू स्टील ने बीएसई को दी सूचना में बताया कि यह निवेश जेएसडब्ल्यू कलिंगा में जेएफई की नियोजित हिस्सेदारी का पहला चरण है। इसके तहत सोमवार को जापानी कंपनी को 2,26,94,524 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए।

सूचना में कहा गया है, ‘‘जेएफई स्टील कॉरपोरेशन (जेएफई) ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा स्टील लिमिटेड (जेएसडब्ल्यू कलिंगा) में जेएफई के निवेश का पहला चरण यानी 7,875 करोड़ रुपये का निवेश किया है और जेएसडब्ल्यू कलिंगा के 2,26,94,524 इक्विटी शेयर सोमवार (30 मार्च, 2026) को जेएफई को आवंटित किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप जेएफई के पास जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई है।’’

कंपनी के अनुसार, ‘‘ हाल ही में संयुक्त उद्यम समझौते (जेवीए) के तहत जेएसडब्ल्यू कलिंगा में हुए आवंटन और निदेशक मंडल में बदलाव के बाद, जेएसडब्ल्यू स्टील और जेएफई स्टील ने जेएसडब्ल्यू कलिंगा और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी, जेएसडब्ल्यू संबलपुर स्टील लिमिटेड पर संयुक्त नियंत्रण स्थापित कर लिया है।

कंपनी ने सूचना में कहा कि जेएफई द्वारा जेएसडब्ल्यू कलिंगा में 7,875 करोड़ रुपये में अतिरिक्त 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण संयुक्त उद्यम समझौते के अनुसार पूरा हो जाएगा।

जेएसडब्ल्यू स्टील ने पहले कहा था कि जेएफई स्टील कॉरपोरेशन इस्पात क्षेत्र की प्रमुख कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम बनाने के लिए 15,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

इस संयुक्त उद्यम में जेएसडब्ल्यू स्टील की इकाई भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड (बीपीएसएल) का ओडिशा स्थित एकीकृत इस्पात संयंत्र शामिल होगा।

इससे पहले, जेएसडब्ल्यू स्टील ने बीएसई को दी सूचना में कहा था कि उसने ‘‘जापान स्थित जेएफई स्टील कॉरपोरेशन (जेएफई) के साथ एक रणनीतिक संयुक्त उद्यम समझौता किया है।’’

भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड (बीएसपीएल) के इस्पात कारोबार को 24,483 करोड़ रुपये के नकद भुगतान के साथ एक ‘स्लम्प सेल’ (एक या एक से अधिक उपक्रमों का एकमुश्त मूल्य पर हस्तांतरण) के माध्यम से जेएफई के साथ 50:50 के संयुक्त उद्यम में स्थानांतरित किया जाएगा।

जेएफई संयुक्त उद्यम में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए दो किस्तों में 15,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

जेएसडब्ल्यू स्टील ने 2021 में दिवाला एवं ऋण शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) प्रक्रिया के माध्यम से भूषण पावर एंड स्टील लि. का अधिग्रहण किया था।

भाषा रमण अजय

अजय