जेपी इन्फ्राटेक ने नोएडा में 84 टावर पर पूरा किया करीब 8,000 घरों का निर्माण कार्य

Ads

जेपी इन्फ्राटेक ने नोएडा में 84 टावर पर पूरा किया करीब 8,000 घरों का निर्माण कार्य

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 05:11 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 05:11 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सुरक्षा समूह ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने नोएडा में 84 आवासीय टावर पर करीब 8,000 घरों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है और इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक घरों के लिए ‘ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट’ (ओसी) भी प्राप्त हो चुके हैं।

सुरक्षा समूह ने 2024 में दिवाला प्रक्रिया के जरिये जेपी इन्फ्राटेक लिमिटेड (जेआईएल) का अधिग्रहण किया था।

मुंबई स्थित सुरक्षा समूह ने अपनी अंतिम समाधान योजना में अटकी हुई विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में करीब 20,000 घरों का निर्माण पूरा करने और इसके बाद परेशान घर खरीदारों को कब्जा देने का वादा किया था।

समूह ने एक बयान में कहा कि उसने नोएडा स्थित ‘विश टाउन’ परियोजना में निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को काफी तेज किया है।

सुरक्षा समूह ने कहा, ‘‘कंपनी ने 84 टावर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिनमें 7,913 आवासीय इकाइयां शामिल हैं।’’

इनमें से 42 टावर में 4,213 आवासीय इकाइयों के लिए ओसी मिल चुके हैं।

किसी आवासीय इकाई का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसे रहने योग्य प्रमाणित किए जाने के मकसद से ओसी प्राप्त किया जाता है।

जेपी इन्फ्राटेक के कार्यकारी निदेशक जश पंचमिया ने कहा, ‘‘हमारा ध्यान हमेशा परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के साथ-साथ विश टाउन में बुनियादी ढांचे और गुणवत्ता को मजबूत करने पर रहा है।’’

राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) द्वारा जेपी इन्फ्राटेक के अधिग्रहण के लिए सुरक्षा समूह की बोली को मंजूरी दिए जाने के बाद चार जून, 2024 को समूह ने कंपनी का नियंत्रण संभाला था।

जेपी इन्फ्राटेक के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) अगस्त, 2017 में आईडीबीआई बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह के आवेदन पर शुरू हुई थी।

भाषा यासिर अजय

अजय